वाराणसी रेंज में ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। गाजीपुर, चंदौली और जौनपुर में चलाए गए विशेष चेकिंग अभियान में 1650 से अधिक वाहनों को सीज, जबकि 9000 से ज्यादा वाहनों पर चालान काटा गया है। अभियान के दौरान 30 लाख रुपये से अधिक जुर्माना वसूला गया।
इस कार्रवाई का नेतृत्व डीआईजी वैभव कृष्ण ने किया, जिन्होंने अधिकारियों को विशेष तौर पर ओवरलोड, डग्गामार वाहनों और नंबर प्लेट पर जाति सूचक या भड़काऊ शब्द लिखने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाने के निर्देश दिए थे।
एक ही दिन में लाखों का जुर्माना
The Hindustan Press को मिली जानकारी के मुताबिक, वाराणसी रेंज में एक ही दिन में भारी संख्या में वाहनों पर कार्रवाई हुई। पुलिस टीमों ने लगातार चेकिंग के दौरान न सिर्फ ओवरलोड और बिना परमिट चल रहे वाहनों को पकड़ा, बल्कि ऐसे वाहन जिनकी नंबर प्लेटों पर भड़काऊ या समाजिक वैमनस्य फैलाने वाले शब्द लिखे थे, उनके विरुद्ध भी तुरंत कार्रवाई की गई।
इस अभियान में कुल 1650 से अधिक वाहन सीज किए गए, साथ ही 9000 चालान काटे गए। पुलिस के अनुसार अब तक की गणना में 30 लाख से अधिक जुर्माना वसूल लिया गया है।
आने वाले दिनों में और भी सख्ती
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह कार्रवाई केवल शुरुआत है। आने वाले समय में रेंज के सभी जिलों में इसी तरह के वृहद चेकिंग अभियान चलाए जाएंगे, ताकि वाहन चालक यातायात नियमों का पालन करें और सड़क सुरक्षा को सुनिश्चित किया जा सके।
वाराणसी रेंज में इस स्तर की कार्रवाई पहली बार देखने को मिली है, जिसे आगे और भी सख्त तरीके से जारी रखने की तैयारी है।
