वाराणसी – एक चौंकाने वाली घटना वाराणसी से सामने आई है, जहां 25 साल से विवाहित एक पति ने अपनी पत्नी की शादी उसके प्रेमी से करा दी। मामला वाराणसी के राजा तालाब इलाके का है, जहां मंदिर में बाकायदा वैदिक मंत्रों के साथ यह शादी संपन्न हुई।
जानकारी के मुताबिक, मिर्जापुर निवासी अरविंद कुमार पटेल की शादी 25 साल पहले चंदौली की रीना देवी से हुई थी। दोनों के दो बच्चे भी हैं। पिछले कुछ समय से पति-पत्नी के बीच अनबन चल रही थी। इस दौरान अरविंद को पता चला कि उसकी पत्नी रीना किसी और युवक के संपर्क में है।
इसके बाद अरविंद ने रिश्तेदारों को बुलाकर स्थिति स्पष्ट की और सभी की मौजूदगी में खुद ही रीना की शादी उसके प्रेमी से करा दी। मंदिर में बाकायदा मंत्रोच्चार और परंपरागत रीति-रिवाजों के साथ विवाह की रस्में निभाई गईं।
इस अनोखी घटना के बाद से गांव में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।
