वाराणसी – जिला महिला अस्पताल की अमानवीय लापरवाही का हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। रेवड़ी तालाब निवासी गर्भवती महिला रिजवाना प्रसव पीड़ा के बाद कबीरचौरा स्थित महिला अस्पताल पहुंची, लेकिन डॉक्टरों और नर्सों ने उसे भर्ती करने से मना कर दिया और लगातार टालमटोल करती रहीं।
आरोप है कि कभी डॉक्टर की अनुपस्थिति तो कभी महिला की गंभीर स्थिति का बहाना बनाकर उसे अस्पताल से भगा दिया गया। इसी दौरान रिजवाना ने प्रसव पीड़ा से कराहते हुए अस्पताल परिसर की सड़क पर ही बच्चे को जन्म दे दिया।
इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। मौके पर मौजूद लोगों ने पूरा घटनाक्रम कैमरे में कैद कर लिया।
👉 घटना पर प्रशासन सख्त
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए सदस्यीय जांच समिति गठित कर दी है।
👉 अस्पताल ने माना दोष
महिला अस्पताल की प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डॉ. नीना वर्मा ने कहा कि सबसे पहले इस घटना की जानकारी अस्पताल में मौजूद दाइयों को हुई, जिन्होंने महिला को अन्य चिकित्सा केंद्र जाने की सलाह दी। जबकि अस्पताल के अन्य चिकित्सकों को इस बारे में कोई जानकारी नहीं थी, और इसी वजह से यह घटना हुई। फिलहाल इस मामले में समिति गठित कर जांच के आदेश दिए गए हैं।
